कनाडा पर ट्रंप का प्रहार! विज्ञापन विवाद के बाद लगाया 10% अतिरिक्त शुल्क

3

अमेरिका और कनाडा के बीच ट्रेड वॉर और गहराता जा रहा है। कनाडा के एक विवादित टैरिफ विज्ञापन ने इस तनातनी को और भड़का दिया है।

गुस्साए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 10% अतिरिक्त इंपोर्ट टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद कनाडाई उत्पादों पर कुल 45% तक शुल्क देना होगा। ट्रंप ने यह कदम उस विवादित विज्ञापन के जवाब में उठाया है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। ट्रंप ने कनाडा पर “धोखाधड़ी” और “भ्रामक प्रचार” का आरोप लगाते हुए सभी व्यापार वार्ताएं रोक दी हैं।

फर्जी एड पर भड़के ट्रंप

एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा, “कनाडा को रीगन के बयानों पर झूठा विज्ञापन बनाते हुए पकड़ा गया है। रीगन फाउंडेशन ने पुष्टि की है कि बिना अनुमति लिए उनके पुराने ऑडियो और वीडियो का इस्तेमाल किया गया।” उन्होंने कहा कि फाउंडेशन अब कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है।

अमेरिका के साथ ‘धोखाधड़ी’ का आरोप

ट्रंप के मुताबिक, कनाडा का उद्देश्य अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट को गुमराह कर अपने टैरिफ बचाना था — वही टैरिफ, जिनसे अमेरिका को सालों से नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका अपने उद्योगों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाएगा।

“विज्ञापन तुरंत हटाया जाना चाहिए था”

ट्रंप ने आरोप लगाया कि कनाडा ने जानबूझकर विवादित विज्ञापन को वर्ल्ड सीरीज़ के दौरान प्रसारित किया, जबकि उसे इसकी फर्जी प्रकृति की जानकारी थी। “यह एक शत्रुतापूर्ण कदम है,” ट्रंप ने कहा, “इसीलिए मैं कनाडा पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगा रहा हूं।”

विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम दोनों देशों के बीच पहले से बिगड़ चुके संबंधों को और तनावपूर्ण बना देगा, जिससे व्यापार और निवेश पर बड़ा असर पड़ सकता है।

Comments are closed.