अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार, 9 जनवरी को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान को लेकर अपना पुराना दावा दोहराया। ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित संघर्ष को उन्होंने ही रुकवाया था।
ट्रंप के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका दौरे के दौरान उनसे मुलाकात की थी और इस बात के लिए धन्यवाद दिया था कि उनकी पहल से लाखों लोगों की जान बची। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि भारत-पाक तनाव बेहद उग्र रूप ले सकता था, लेकिन उनके हस्तक्षेप से हालात संभल गए।
भारत-पाक पर फिर दोहराया दावा
शुक्रवार को तेल और गैस क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा,
“पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां आए थे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान से जुड़े मामले में कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाई।”
नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर बयान
नोबेल शांति पुरस्कार के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि वह आमतौर पर इस तरह की बातों का प्रचार नहीं करना चाहते, लेकिन उनका मानना है कि उन्होंने कई बड़े वैश्विक संघर्षों को टलने में अहम भूमिका निभाई है।
ट्रंप ने कहा,
“चाहे लोग मुझे पसंद करें या न करें, मैंने आठ बड़े युद्ध रुकवाए हैं। इतिहास में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो जो मुझसे ज़्यादा नोबेल पुरस्कार का हकदार हो।”
पहले भी कर चुके हैं दावा
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम कराने और नोबेल शांति पुरस्कार का दावा किया हो। इससे पहले भी वह कई मौकों पर इसी तरह के बयान दे चुके हैं, हालांकि भारत की ओर से ऐसे दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Comments are closed.