गाजा युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिका का वीटो, UNSC में 14 देश थे समर्थन में।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में गुरुवार, 18 सितंबर को गाजा में तत्काल और स्थायी युद्धविराम की मांग करने वाले प्रस्ताव को अमेरिका ने वीटो कर दिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर इजरायल के साथ खड़ा रहा, जबकि इजरायली सेना ने गाजा शहर पर कब्जा करने के लिए अपना सैन्य अभियान तेज कर दिया है।
इस प्रस्ताव को सुरक्षा परिषद के 10 निर्वाचित सदस्यों ने पेश किया था। कुल 15 सदस्यों में से अमेरिका को छोड़कर सभी 14 ने इसका समर्थन किया। प्रस्ताव में गाजा में बिना शर्त युद्धविराम, हमास और अन्य समूहों द्वारा रखे गए सभी बंधकों की रिहाई और मानवीय सहायता पर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग शामिल थी।
अमेरिका ने अपने वीटो का बचाव करते हुए कहा कि मसौदा हमास की निंदा करने और इजरायल के आत्मरक्षा के अधिकार को मान्यता देने में विफल है। अमेरिकी उप विशेष दूत मॉर्गन ऑर्टागस ने इसे हमास को फायदा पहुंचाने वाला नैरेटिव करार दिया।
फिलिस्तीन और अरब देशों के प्रतिनिधियों ने अमेरिका की तीखी आलोचना की। फिलिस्तीनी दूत रियाद मंसूर ने कहा कि इस तरह का वीटो परिषद की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है और जब अत्याचार के अपराध सामने हों तो वीटो की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
Comments are closed.