अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया है कि बीबीसी ने उनकी डॉक्यूमेंट्री में 6 जनवरी 2021 के भाषण को गलत तरीके से संपादित किया, जिसके लिए वह संस्था पर 5 अरब डॉलर का हर्जाना मांगते हुए मुकदमा दायर करेंगे। ट्रंप का कहना है कि गलत संपादन से उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचा।
बीबीसी इस मामले में दो बार माफी मांग चुका है और दो अधिकारियों ने इस्तीफा भी दिया है, लेकिन ट्रंप इसे पर्याप्त नहीं मानते। आरोप है कि डॉक्यूमेंट्री में ट्रंप को अपने समर्थकों को अमेरिकी संसद पर हमले के लिए उकसाते हुए दिखाया गया, जबकि भाषण के मूल स्वरूप में ऐसा नहीं था। यह डॉक्यूमेंट्री 2024 में उस समय प्रसारित हुई थी जब ट्रंप दोबारा राष्ट्रपति पद की दौड़ में थे।
ट्रंप के वकीलों ने बीबीसी को नोटिस भेजकर माफी के साथ-साथ एक अरब डॉलर के मुआवजे की मांग की थी। बीबीसी प्रमुख समीर शाह ने संपादन त्रुटि पर पछतावा जताते हुए कहा कि इसके पीछे कोई दुर्भावना नहीं थी।
फ्लोरिडा रवाना होने से पहले एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह अगले सप्ताह बीबीसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले पर उनकी ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर से कोई बातचीत नहीं हुई है। बीबीसी सरकारी धन से संचालित सार्वजनिक प्रसारक है।
Comments are closed.