“ट्रंप का नया झटका: दवाइयों पर 100% टैरिफ, भारत को कितना नुकसान?”

5

ट्रंप का नया टैरिफ बम: दवाइयों पर 100% टैक्स, भारतीय फार्मा इंडस्ट्री को बड़ा झटका।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि 1 अक्टूबर 2025 से अमेरिका दवाइयों के आयात पर 100% टैरिफ लगाएगा। यह फैसला उन कंपनियों पर लागू होगा जिनके पास अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट या निर्माणाधीन प्लांट नहीं है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, “1 अक्टूबर 2025 से किसी भी ब्रांडेड या पेटेंटेड फार्मास्युटिकल उत्पाद पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा, जब तक कि कंपनी अमेरिका में फार्मा निर्माण शुरू नहीं करती। यदि निर्माण कार्य ‘ब्रेकिंग ग्राउंड’ या ‘निर्माणाधीन’ है, तो टैरिफ नहीं लगेगा।”

फार्मा उत्पादों के अलावा, ट्रंप ने हेवी-ड्यूटी ट्रकों के आयात पर 25% और किचन कैबिनेट्स पर 50% टैरिफ लगाने का भी ऐलान किया।

भारत पर क्या असर पड़ेगा?
अमेरिका भारतीय दवा उद्योग का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 में भारत के कुल $27.9 बिलियन के फार्मा निर्यात में से 31% ($8.7 बिलियन) अमेरिका को गया।

भारत अमेरिका में इस्तेमाल होने वाली 45% जेनेरिक दवाओं और 15% बायोसिमिलर्स की आपूर्ति करता है। डॉ. रेड्डीज, अरबिंदो फार्मा, जाइडस लाइफसाइंसेज, सन फार्मा और ग्लैंड फार्मा जैसी दिग्गज कंपनियां अमेरिकी बाजार से अपने कुल राजस्व का 30-50% तक कमाती हैं।

ट्रंप के इस कदम से भारतीय फार्मा कंपनियों के मुनाफे पर सीधा असर पड़ सकता है और अमेरिका में दवाओं की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।

Comments are closed.