अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को यात्रा प्रतिबंध के दायरे को और बढ़ाते हुए सीरिया समेत सात देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगा दी। व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप ने इस संबंध में एक नए घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
नए आदेश के तहत बर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान, सीरिया और फलस्तीनी प्राधिकरण द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
लाओस और सिएरा लियोन पर पूर्ण प्रतिबंध
इस फैसले में लाओस और सिएरा लियोन को भी पूर्ण यात्रा प्रतिबंध की सूची में शामिल कर लिया गया है। इन दोनों देशों पर पहले आंशिक प्रतिबंध लागू था। विस्तारित ट्रैवल बैन 1 जनवरी से प्रभावी होगा।
यह कदम ट्रंप के उस बयान के विपरीत माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने नवंबर में सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से मुलाकात के बाद सीरिया को स्थिर करने में मदद की बात कही थी। अल-शारा अल-कायदा के पूर्व कमांडर रह चुके हैं और हाल तक अमेरिका की ओर से विदेशी आतंकवादी की सूची में शामिल थे।
जून में भी लगाया गया था ट्रैवल बैन
इससे पहले जून में ट्रंप प्रशासन ने एक घोषणापत्र जारी कर 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था, जबकि सात अन्य देशों पर आंशिक प्रतिबंध लागू किया गया था। ट्रंप ने उस समय कहा था कि यह फैसला विदेशी आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े खतरों को रोकने के लिए जरूरी है।
व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि जून में जिन 12 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया गया था, वह अब भी लागू रहेगा और नए आदेश के साथ प्रतिबंधों का दायरा और बढ़ा दिया गया है।
Comments are closed.