प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप (RAAG) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को दो पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सतीश सेठ और गौतम दोषी को मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून (PMLA) के तहत मुंबई से गिरफ्तार किया गया। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया जा रहा है, क्योंकि मामला वहीं दर्ज है। दोनों आरोपी पहले रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड में निदेशक रह चुके हैं। ईडी का कहना है कि उनसे पूछताछ की जरूरत को देखते हुए गिरफ्तारी की गई है।
यह मामला कथित बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में 114.98 करोड़ रुपये के नुकसान का आरोप है। इस केस में सीबीआई पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी है और छापेमारी भी की गई थी। एसबीआई 11 बैंकों के उस कंसोर्टियम का हिस्सा था, जिसने रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड को 735 करोड़ रुपये का टर्म लोन दिया था।
ईडी ने सीबीआई की शिकायत के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच शुरू की है और अब दोनों पूर्व अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
Comments are closed.