यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का भारत दौरा आज, रणनीतिक साझेदारी पर होगी अहम बातचीत
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार, 19 जनवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। यह दौरा भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने के उद्देश्य से हो रहा है। राष्ट्रपति नाहयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत पहुंच रहे हैं।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब मध्य पूर्व ईरान-अमेरिका तनाव, यमन को लेकर सऊदी अरब और यूएई के बीच मतभेद तथा गाजा में जारी अस्थिरता जैसे गंभीर भू-राजनीतिक हालात से गुजर रहा है। ऐसे परिदृश्य में नाहयान का भारत दौरा कूटनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
किन मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति नाहयान के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा उद्योग सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
यह राष्ट्रपति पद संभालने के बाद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का भारत का तीसरा आधिकारिक दौरा होगा, जबकि पिछले एक दशक में यह उनका पांचवां भारत दौरा है।
भारत-यूएई रिश्तों को मिलेगी नई दिशा
भारत और यूएई के बीच 2022 में हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के बाद द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और लोगों के आपसी संपर्क में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों को तलाशने और रणनीतिक रिश्तों को और गहराई देने का अवसर प्रदान करेगी।
Comments are closed.