युद्ध के बीच यूक्रेन खरीदेगा 100 राफेल, जेलेंस्की ने फ्रांस के साथ समझौते की पुष्टि की
रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन ने अपनी वायुसेना को मजबूत करने के लिए 100 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को बताया कि उन्होंने फ्रांस के साथ इन विमानों की खरीद के लिए समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
पेरिस में मैक्रों से मुलाकात
जेलेंस्की ऐसे समय पेरिस पहुंचे हैं जब रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में बढ़ोतरी हुई है और रूसी सेना जपोरिजिया क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने पुष्टि की कि यूक्रेन ने 100 राफेल का ऑर्डर दिया है। मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह एक दस वर्षीय रणनीतिक विमानन समझौते का हिस्सा है और कुछ विमान सीधे फ्रांसीसी बेड़े से भी दिए जा सकते हैं।
रूसी हमलों में बढ़ता नुकसान
इसी बीच, पूर्वी यूक्रेन के बालाक्लिया शहर में रूसी मिसाइल हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और दस लोग घायल हुए, जिनमें तीन किशोर भी शामिल हैं। खार्किव क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि रातभर चले हमले में एक बहुमंजिला इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा और कई वाहन नष्ट हो गए।
Comments are closed.