रैपर बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर बवाल, सरकारी स्कूल में बिना परमिशन शूट; ‘पाठशाला’ को एडिट कर बनाया ‘बादशाला’

3

रैपर बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’ की शूटिंग को लेकर हरियाणा के गांव सच्चा खेड़ा में विवाद खड़ा हो गया है।

आरोप है कि गाने की शूटिंग गांव के राजकीय प्राइमरी स्कूल, चौक, गलियों और तालाब के आसपास की गई, जबकि इसके लिए संबंधित अधिकारियों से कोई औपचारिक अनुमति नहीं ली गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, गाने की शूटिंग 6 और 7 अगस्त को हुई थी। 7 अगस्त को रैपर बादशाह दोपहर बाद गांव पहुंचे थे। शूटिंग में गांव के कुछ लोग भी नजर आए थे। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में शूटिंग संभवतः स्कूल की छुट्टी के बाद की गई होगी। स्कूल का गेट अक्सर खुला रहता है, क्योंकि वहां ओपन जिम लगी हुई है और लोगों का आना-जाना बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि शूटिंग टीम ने 7 अगस्त को ग्राम पंचायत से गांव में शूटिंग की अनुमति मांगी थी, लेकिन पंचायत की ओर से कोई लिखित अनुमति नहीं दी गई। टीम ने केवल दो घंटे का समय मांगा था, जिसके बाद कुछ ग्रामीणों की सहमति से गांव के कुछ स्थानों पर शूटिंग की इजाजत दे दी गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, उसी दिन गांव के एक व्यक्ति का निधन हो गया था, जिसके कारण अधिकतर लोग इस गतिविधि में शामिल नहीं हुए। गांव के चौक के पास दुकान चलाने वाले ईश्वर ने बताया कि शूटिंग टीम ने आसपास के दुकानदारों और कुछ लोगों को यह कहकर बुलाया था कि उन्हें केवल वहां बैठना है। इसके लिए किसी को कोई भुगतान नहीं किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के पास शूटिंग के दौरान तालाब पर भैंसों को पानी पिलाने आए एक व्यक्ति को भी वहां से हटने के लिए कहा गया था। हालांकि स्कूल परिसर और उसके आसपास हुई शूटिंग के बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं थी। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल स्टाफ को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति स्कूल परिसर में प्रवेश करे तो उससे अनुमति पत्र जरूर मांगा जाए।

वीडियो में ‘पाठशाला’ को एडिट कर दिखाया ‘बादशाला’
जिस राजकीय प्राथमिक पाठशाला में शूटिंग की गई थी, उसी स्कूल का नाम गाने के वीडियो में एडिट कर ‘पाठशाला’ की जगह ‘बादशाला’ दिखाया गया है। दैनिक जागरण की टीम ने शनिवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो पाया कि स्कूल की दीवार पर ‘पाठशाला’ ही लिखा हुआ है और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। स्कूल स्टाफ ने भी बताया कि दीवार पर लिखे अक्षर पुराने हैं और वीडियो में एडिटिंग के जरिए नाम बदला गया है।

Comments are closed.