अमेरिका में 40वें दिन भी जारी सबसे लंबा शटडाउन, ठप सरकारी कामकाज और रद्द उड़ानें — असली वजह क्या है?
अमेरिका में अब तक का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन 40वें दिन में प्रवेश कर चुका है। इस शटडाउन का असर आम लोगों से लेकर सरकारी तंत्र तक हर जगह दिख रहा है — हजारों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, लाखों अमेरिकियों की खाद्य सहायता खतरे में है और हजारों सरकारी कर्मचारी बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं। इस बीच रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच खींचतान और गहरी हो गई है।
क्यों जारी है शटडाउन
शटडाउन तब लागू होता है जब अमेरिकी संसद (कांग्रेस) समय पर बजट या फंडिंग बिल पास नहीं कर पाती। इस बार भी यही हुआ — 1 अक्टूबर को पेश किया गया नया बजट पास नहीं हो सका, जिससे सरकारी फंडिंग रुक गई और प्रशासनिक कामकाज ठप पड़ गया। इसकी सबसे बड़ी वजह है स्वास्थ्य बीमा कानून ‘ओबामाकेयर’ की फंडिंग और सीनेट में इस्तेमाल होने वाली प्रक्रिया फिलिबस्टर पर जारी विवाद।
ट्रंप का दावा — “फिलिबस्टर खत्म होना चाहिए”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “डेमोक्रेट्स शटडाउन पर घबरा रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि मैं रिपब्लिकन के साथ मिलकर फिलिबस्टर खत्म करने जा रहा हूं।”
फिलिबस्टर अमेरिकी सीनेट की एक रणनीति है, जिसके तहत सीनेटर किसी विधेयक पर बहस को लंबा खींचकर मतदान में देरी या उसे रोक सकते हैं। ट्रंप का मानना है कि जब तक फिलिबस्टर मौजूद है, तब तक बजट और फंडिंग बिल पास कराना मुश्किल रहेगा।
ओबामाकेयर पर सियासी टकराव
ओबामाकेयर 2010 में पास हुआ एक कानून है, जिसका उद्देश्य सभी अमेरिकियों को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं और बीमा कवरेज उपलब्ध कराना है। डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि इस योजना के तहत मिलने वाले टैक्स क्रेडिट को इस साल के अंत तक जारी रखा जाए, जबकि रिपब्लिकन पार्टी इसे रोकने के पक्ष में है जब तक कि सरकार “खुल” न जाए। यही गतिरोध शटडाउन को लंबा खींच रहा है।
एयर ट्रैवल सेक्टर में हाहाकार
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इस वीकेंड अमेरिका में 1,700 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और हजारों देरी से चलीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और सिक्योरिटी स्टाफ को सैलरी न मिलने से कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। न्यूयॉर्क के लागार्डिया, जॉन एफ. कैनेडी और नेवार्क एयरपोर्ट्स पर शनिवार को कई उड़ानें घंटों तक विलंबित रहीं।
आम अमेरिकियों पर असर
शटडाउन का असर सिर्फ एयरपोर्ट्स तक सीमित नहीं है। लाखों अमेरिकियों के लिए जारी फूड असिस्टेंस प्रोग्राम प्रभावित हुआ है, राष्ट्रीय उद्यान बंद पड़े हैं, और कई सरकारी सेवाएं आंशिक रूप से ठप हैं। इसके बावजूद रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स किसी समझौते के करीब नहीं दिख रहे।
Comments are closed.