ड्रग्स से लदी पनडुब्बी पर अमेरिका का जबरदस्त हमला! ट्रंप बोले — “अगर नहीं रोकते, तो 25 हजार लोग मर जाते”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए शनिवार, 18 अक्टूबर को कैरेबियन सागर में एक पनडुब्बी पर सैन्य हमला करने की जानकारी दी।
ट्रंप ने बताया कि यह पनडुब्बी अमेरिका में ड्रग्स की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश कर रही थी, जिसे अमेरिकी सेना ने समय रहते तबाह कर दिया। उन्होंने इस कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा किया।
ट्रंप ने लिखा, “बहुत बड़ी मात्रा में फेंटेनल और अन्य अवैध ड्रग्स ले जा रही इस पनडुब्बी को नष्ट करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। यह संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर बढ़ रही थी। खुफिया एजेंसियों ने इसकी पुष्टि की थी कि इसमें चार ड्रग्स आतंकवादी सवार थे। इनमें से दो मारे गए, जबकि दो को जिंदा पकड़ा गया है और अब उन्हें उनके मूल देशों, इक्वाडोर और कोलंबिया, में मुकदमे के लिए भेजा जा रहा है। अगर मैंने इसे नहीं रोका होता, तो कम से कम 25,000 अमेरिकी मारे जाते। मेरी देखरेख में अमेरिका किसी भी मादक तस्कर को बख्शेगा नहीं — चाहे वे जमीन पर हों या समुद्र में।”
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी पुष्टि की कि पकड़ा गया कोलंबियाई संदिग्ध जिंदा है और उस पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हमें खुशी है कि वह जीवित है और उस पर कानून के अनुसार मुकदमा चलेगा।”
अमेरिका ने पिछले 50 दिनों में कुल छह जहाजों या पनडुब्बियों को निशाना बनाया है। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से अधिकांश स्पीडबोट थीं, जिनका स्रोत वेनेजुएला बताया गया है। वाशिंगटन का कहना है कि इन हमलों से ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार हुआ है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट सबूत नहीं दिया गया है कि इन हमलों में मारे गए सभी लोग वाकई ड्रग्स तस्करी में शामिल थे।
Comments are closed.