अमेरिका में शटडाउन 35वें दिन पहुंचा, हवाई सेवाएं ठप पड़ने की आशंका, ट्रंप के परिवहन मंत्री ने जताई असमर्थता

3

अमेरिका में संघीय सरकार का शटडाउन मंगलवार को 35वें दिन में प्रवेश कर गया है, जिससे देशभर में हवाई सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने लगा है।

परिवहन मंत्री सीन डफी ने चेतावनी दी है कि अगर शटडाउन एक और सप्ताह तक जारी रहा, तो यह स्थिति “बड़े पैमाने पर अराजकता” में बदल सकती है।

अमेरिकी विमानन व्यवस्था चरमराने की कगार पर

डफी ने कहा कि स्थिति अगर और बिगड़ती है तो राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और यदि उड़ान संचालन को जोखिम भरा माना गया, तो अमेरिकी विमानन प्रणाली को अस्थायी रूप से निलंबित किया जा सकता है।

परिवहन मंत्री ने डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक गतिरोध के कारण एयरलाइंस को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में फ्लाइट विलंब, टिकट रद्दीकरण और सुरक्षा जांच में देरी के मामले और बढ़ सकते हैं।

32 लाख यात्रियों पर असर

शटडाउन के कारण अब तक 32 लाख से अधिक हवाई यात्रियों पर असर पड़ा है। एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों और सुरक्षा अधिकारियों की भारी कमी से स्थिति और गंभीर हो गई है।

एफएए (Federal Aviation Administration) के एडमिनिस्ट्रेटर ब्रायन बेडफोर्ड ने बताया कि देश के 30 प्रमुख हवाई अड्डों पर 40% तक एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी है। पूरे अमेरिका की हवाई सेवाएं फिलहाल 13,000 कंट्रोलरों और 50,000 TSA अधिकारियों के सीमित स्टाफ के भरोसे चल रही हैं।

वाशिंगटन एयरपोर्ट पर बम की धमकी से मचा हड़कंप

इस बीच, वाशिंगटन डीसी के रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की कथित धमकी से अफरातफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने यूनाइटेड एयरलाइंस के एक विमान को अलग-थलग क्षेत्र में ले जाकर तलाशी ली। यात्रियों को सुरक्षित बसों से टर्मिनल तक पहुंचाया गया और सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गईं।

मेट्रोपॉलिटन वाशिंगटन एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के प्रवक्ता ने बताया कि जांच का जिम्मा एफबीआई को सौंप दिया गया है। मंगलवार दोपहर तक हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स में औसत 51 मिनट की देरी दर्ज की गई, जबकि कुछ उड़ानों में दो घंटे से अधिक की देरी हुई।

Comments are closed.