उत्तराखंड में Char Dham यात्रा के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए अनिवार्य ग्रीन कार्ड अब ऑनलाइन जारी किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने का फैसला किया है, ताकि पारदर्शिता बढ़े और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके। नई व्यवस्था के तहत वाहन स्वामी निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। ग्रीन कार्ड शुल्क का भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा, जिसमें क्यूआर कोड के जरिए पेमेंट की सुविधा भी मिलेगी। वाहन के परमिट, टैक्स जमा स्थिति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की वैधता की जांच भी डिजिटल माध्यम से होगी। आवेदन स्वीकृत होने के बाद एसएमएस या व्हाट्सएप लिंक के जरिये ग्रीन कार्ड डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकेगा।
ग्रीन कार्ड जारी करते समय यह सुनिश्चित किया जाता है कि वाहन के कागजात पूरे हों, सभी शुल्क जमा हों और वाहन तकनीकी रूप से फिट हो। हालांकि पहली बार आवेदन करने वाले वाहनों को भौतिक सत्यापन और फिटनेस जांच के लिए परिवहन कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।
इसके साथ ही विभाग दूसरे राज्यों से आने वाले कमर्शियल वाहनों पर विशेष नजर रखेगा। यात्रा मार्गों की चेकपोस्टों पर यह देखा जाएगा कि ग्रीन कार्ड किस तारीख को बना और राज्य में प्रवेश के समय ग्रीन सेस कब जमा किया गया। इससे अवैध संचालन और स्थानीय व्यवसाय पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल ग्रीन कार्ड प्रणाली लागू होने से प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
Comments are closed.