वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन: मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डेल्सी रोड्रिग्ज को कमान

3

वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद देश में सियासी अनिश्चितता की स्थिति बन गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को काराकास से न्यूयॉर्क ले गई है। इसके बाद यह सवाल खड़ा हो गया कि देश की सत्ता अब किसके हाथ में होगी। इस बीच, वेनेजुएला की शीर्ष अदालत ने अंतरिम व्यवस्था को लेकर आदेश जारी किया है।

शीर्ष अदालत ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का निर्देश दिया है। अदालत के आदेश के अनुसार, हालात सामान्य होने तक डेल्सी रोड्रिग्ज देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगी।

शीर्ष अदालत का आदेश

अदालत ने अपने फैसले में कहा, “देश में प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने और राष्ट्र की व्यापक रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज बोलिवेरियन गणराज्य वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालेंगी।”

2018 से उपराष्ट्रपति हैं डेल्सी रोड्रिग्ज

डेल्सी रोड्रिग्ज 2018 से वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति हैं। सरकार में रहते हुए उन्होंने अर्थव्यवस्था और आंतरिक प्रशासन से जुड़े अहम विभागों की निगरानी की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वे वेनेजुएला सरकार का एक प्रमुख चेहरा रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि सत्ता हस्तांतरण को लेकर अमेरिका उनकी भूमिका को अहम मानता रहा है।

सत्ता संभालने पर डेल्सी का बयान

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से टेलीफोन पर बातचीत के बाद डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम रूप से राष्ट्रपति पद संभालने पर सहमति जताई। हालांकि, उन्होंने कहा है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और उनके अनुसार निकोलस मादुरो ही वेनेजुएला के “वैध राष्ट्रपति” बने रहेंगे।

Comments are closed.