कनाडा में पंजाबी सिंगर तेजी कहलों पर फायरिंग, गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी।
कनाडा में भारतीय गैंगस्टरों का नेटवर्क एक बार फिर चर्चा में है। पंजाबी सिंगर तेजी कहलों पर फायरिंग की घटना के बाद रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि यह हमला कनाडा के एक इलाके में उस वक्त हुआ जब कहलों बाहर थे।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में गिरोह ने दावा किया कि तेजी कहलों को उनके खिलाफ काम करने और दुश्मनों को आर्थिक व हथियार मदद देने की सज़ा दी गई है। पोस्ट में लिखा गया, “कनाडा में तेजी कहलों पर हुई गोलीबारी हमने करवाई है। इसके पेट में गोलियां लगी हैं। अगर अब भी समझ नहीं आया तो अगली बार जान से खत्म कर देंगे।”
गैंग ने यह भी चेतावनी दी कि जो भी उनके दुश्मनों की मदद करेगा या उनसे जुड़े लोगों का समर्थन करेगा, उसे भी नहीं बख्शा जाएगा। पोस्ट में कनाडा में मौजूद बिजनेसमैन, बिल्डर्स और हवाला कारोबारियों को सीधी धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने विरोधी गैंग की मदद की तो “परिवार तक का विनाश कर दिया जाएगा।”
पिछले कुछ समय में कनाडा में भारतीय मूल के गैंगस्टरों और गिरोहों के बीच कई बार गोलीबारी और धमकी की घटनाएं हो चुकी हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नाम भी कई मामलों में सामने आए हैं। लगातार हो रही ये वारदातें इस ओर इशारा करती हैं कि कनाडा अब भारतीय अपराधियों के लिए एक नया सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है।
फिलहाल कनाडाई पुलिस घटना की जांच कर रही है और तेजी कहलों की हालत को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
Comments are closed.