बीजेपी के दिग्गज नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन

4

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे थे और दिल्ली बीजेपी के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे।

दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां आज सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मल्होत्रा को साल 2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था। वहीं, 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को करीब 30 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में मल्होत्रा को 2,61,230 वोट मिले थे, जबकि मनमोहन सिंह को 2,31,231 वोट हासिल हुए थे।

दिल्ली में बीजेपी को मजबूत करने में विजय कुमार मल्होत्रा, केदार नाथ साहनी और मदन लाल खुराना की तिकड़ी की अहम भूमिका मानी जाती है। वे जनसंघ के दौर से ही अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ सक्रिय रहे। उनकी गिनती एक बेदाग और स्वच्छ छवि वाले नेताओं में होती थी।

विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर (तत्कालीन पंजाब प्रांत, भारत) में हुआ था। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1977–1980 और 1980–1984 तक दो बार बीजेपी, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष चुने गए। 1967 में वे मुख्य कार्यकारी पार्षद बने थे। 2004 के आम चुनाव में वे दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीतने वाले बीजेपी के एकमात्र नेता थे।

Comments are closed.