बिहार में घना कोहरा और सर्द हवाओं का कहर, 7 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट; 4 जनवरी तक राहत के आसार नहीं
बिहार में घने कोहरे और ठंडी पछुआ हवाओं के कारण कनकनी का असर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार चार जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को राज्य के सात जिलों—गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया में कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की गई है।
राज्य के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जबकि पटना और आसपास के इलाकों में सर्द पछुआ हवाओं के कारण दिन और रात ठिठुरन बनी रहेगी। अगले पांच दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है।
जीरादेई सबसे ठंडा
गुरुवार को छपरा और मधुबनी में भीषण शीत दिवस की स्थिति रही, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में कोल्ड-डे दर्ज किया गया। सिवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे कम रहा।
पटना में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भागलपुर में विजिबिलिटी 20 मीटर
घने कोहरे के कारण भागलपुर में दृश्यता घटकर 20 मीटर रह गई। पटना में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण कनकनी का असर पूरे दिन बना रहा।
पटना का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे
गया, भागलपुर, पूर्णिया, छपरा, सबौर, डेहरी, शेखपुरा, वैशाली, औरंगाबाद, राजगीर, किशनगंज, मुंगेर और जहानाबाद में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
जनवरी में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में राज्य के अधिकांश हिस्सों का न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने का अनुमान है। पश्चिमी बिहार में शीतलहर का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान( डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| पटना | 19.3 | 8.2 |
| गयाजी | 23.0 | 6.3 |
| भागलपुर | 19.2 | 7.2 |
| मुजफ्फरपुर | 17.2 | 10.0 |
Comments are closed.