SIR में बड़ी गड़बड़ी: एक ही मकान में दर्ज दर्जनों अलग-अलग समुदायों के वोटर

3

जिले में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत तैयार की गई मतदाता सूची में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।

कांधला, शामली और गंगेरू के बाद अब थानाभवन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनियमितताओं के मामले उजागर हुए हैं। कई स्थानों पर एक ही मकान में असामान्य संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के एसआईआर अभियान के बाद जारी प्रारूप मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किए जाने के दावों के बावजूद सूची में कई स्पष्ट त्रुटियां मौजूद हैं।

कांग्रेस के अनुसार, थानाभवन क्षेत्र के शाहविलायत-3 में मकान संख्या 100 पर 42 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें अलग-अलग समुदायों के नाम शामिल बताए गए हैं। इसी तरह हरड़ फतेहपुर में मकान संख्या 540 पर 48 मतदाता दर्ज पाए गए हैं, जिनमें विभिन्न जातियों का उल्लेख है।

कई इलाकों में एक पते पर दर्जनों मतदाता

कांग्रेस का दावा है कि कांधला के मोहल्ला खैल कलां में मकान संख्या 8-8-75 पर 600 मतदाता दर्ज हैं। इसके अलावा कांधला देहात की नई बस्ती और रामनगर मजरा में एक ही पते पर 215 मतदाताओं के निवास का उल्लेख किया गया है। पार्टी के अनुसार, शामली, भैंसवाल और जलालाबाद में भी इसी तरह की गड़बड़ियां पहले सामने आ चुकी हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस के जिला संयोजक ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी अधिकारी निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों और गांवों में या तो मकान संख्या दर्ज नहीं है या फिर मकान संख्या ‘0’ दिखाकर मतदाताओं के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं।

कांग्रेस का कहना है कि सोहंजनी उमरपुर क्षेत्र के कुछ पृष्ठों पर 21 मकानों की कोई संख्या दर्ज नहीं है। वहीं, कई मतदाता मकान संख्या 0-00 या 0 के तहत दर्ज पाए गए हैं। वार्ड हकीमान मुजाबरान, वकीलगढ़ और शाहविलायत उत्तरी में भी इसी तरह की प्रविष्टियां सामने आई हैं।

53 मतदाता सूचियों में त्रुटियों का दावा

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, हालिया जांच में मोहल्ला कलंदरशाह में मकान संख्या 43 पर 32 मतदाता और मकान संख्या 116 पर 114 मतदाता दर्ज पाए गए हैं। पार्टी का दावा है कि अब तक कुड़ाना, भिक्का माजरा, गंगेरू, भैंसवाल, जलालाबाद, शामली और थानाभवन सहित कुल 53 मतदाता सूचियों में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां सामने आ चुकी हैं।

इन कथित गड़बड़ियों में एक ही पते पर असामान्य संख्या में मतदाताओं का दर्ज होना, फोटो का अभाव और मकान संख्या शून्य दर्शाना शामिल है। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से मामले की जांच कर सूची में सुधार की मांग की है।

Comments are closed.