मौसम का मिज़ाज बदला: 24 जनवरी को 8 राज्यों में बारिश-तूफान, दिल्ली-कश्मीर में तेज़ ठंड

2

सर्दी का सितम पहले ही लोगों को बेहाल कर रहा था और अब बारिश ने परेशानी और बढ़ा दी है।

दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में बारिश के बाद तापमान तेजी से गिरा है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर देश के कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 24 जनवरी को 8 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज़ तूफान की चेतावनी दी गई है। यह स्थिति अगले 48 घंटों तक बनी रह सकती है।

8 राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, केरल, लद्दाख और तमिलनाडु में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 26 जनवरी को भी हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।

12 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

उत्तर भारत के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा, प्रयागराज, आगरा, झांसी, अलीगढ़, अयोध्या और कानपुर में ठंड का असर तेज़ रहेगा। बारिश के बाद दिल्ली में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुरुग्राम और सोनीपत में भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पंजाब के अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, होशियारपुर और गुरदासपुर में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली का आज का मौसम

दिल्ली में आज बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, मथुरा और आगरा में भी बारिश के आसार हैं। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बिहार में बदलेगा मौसम

बिहार में भी मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। सीमांचल और मिथिलांचल के जिलों में शीतलहर जारी रहेगी। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा और कटिहार में ठंडी हवाएं चलने की चेतावनी है। वहीं खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान?

शहर अधिकतम तापमान (24 जनवरी) न्यूनतम तापमान (24 जनवरी)
दिल्ली 17°C 05°C
मुंबई 27°C 22°C
कोलकाता 26°C 16°C
चेन्नई 27°C 25°C
लखनऊ 22°C 12°C
पटना 23°C 13°C
रांची 25°C 12°C
भोपाल 22°C 13°C
जयपुर 17°C 07°C
शिमला 09°C 01°C
नैनीताल 14°C 06°C

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। नैनीताल में तापमान 14 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में आज एक बार फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुल्लू, शिमला, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और लाहौल-स्पीति में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली, कांगड़ा और कसौली में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर

जम्मू-कश्मीर में आज भी भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पुंछ, जम्मू, श्रीनगर, सांबा, राजौरी और उधमपुर में अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान माइनस 1 और न्यूनतम माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

राजस्थान में शीतलहर जारी

राजस्थान में आज बारिश से राहत रहेगी, लेकिन कई जिलों में शीतलहर का असर बना रहेगा। जयपुर, सीकर, उदयपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है। जयपुर में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

मध्य प्रदेश में अगले 72 घंटों के दौरान मौसम का मिज़ाज बदल सकता है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। पंचमढ़ी, शहडोल, खजुराहो, ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ठंड बढ़ सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Comments are closed.