मौसम लेगा यू-टर्न: दिल्ली-NCR में 3 दिन भारी बारिश की संभावना, जानें यूपी, बिहार और पंजाब का हाल

3

दिल्ली-एनसीआर में लगातार दो बार हुई बारिश के बाद ठंड का असर और बढ़ गया है।

बादलों से ढके आसमान के बीच सुबह और शाम के समय गलन तेज हो गई है, जबकि शीत लहर के कारण कंपकंपी महसूस की जा रही है। 30 जनवरी को भी बादल छाए रहने और धुंध बने रहने के आसार हैं। इसके बाद 31 जनवरी से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है और लगातार तीन दिन बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में फिलहाल मौसम साफ होने के संकेत नहीं हैं। 23 और 27 जनवरी के बाद यह तीसरा मौका होगा, जब दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने इस दौरान दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 1 फरवरी से ठंड में हल्की राहत मिल सकती है और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने का अनुमान है।

31 जनवरी से तीन दिन बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी की दोपहर से घने बादल छा जाएंगे और कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान बिजली कड़कने और बादल गरजने के साथ दिन में दो से तीन बार बारिश होने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
1 फरवरी, यानी बजट के दिन भी ऐसा ही मौसम बने रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

उत्तर भारत में कहां-कहां बदलेगा मौसम

1–2 फरवरी: दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश की प्रबल संभावना

1–2 फरवरी: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार

31 जनवरी: कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश

1–2 फरवरी: उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

31 जनवरी से 3 फरवरी: राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग का कहना है कि 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। 31 जनवरी को उत्तर भारत में घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 1–2 फरवरी तक ठंड से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। बारिश और तेज हवाओं के चलते शीत लहर का असर बना रहेगा और सुबह के समय गलन महसूस होती रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में कोहरा और शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.