Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम साफ, नॉर्थ ईस्ट में आज भी आंधी-बारिश का खतरा; बिहार-UP में 8 की मौत
पश्चिमी विक्षोभ के असर से मार्च में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, जिससे देशभर में अलग-अलग हालात देखने को मिल रहे हैं। रविवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ और सुहावना बना हुआ है, लेकिन पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में आज भी आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है।
इधर, बिहार और उत्तर प्रदेश में शनिवार को खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में बिहार में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में 2 लोगों ने जान गंवाई। इस बेमौसम बारिश ने गेहूं, सरसों और मक्का जैसी फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में राहत भरा मौसम बना रहेगा। पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही जारी रहने के साथ तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। 23 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। बीते दिनों राजधानी में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का ट्रेंड जारी रहने की संभावना है।
बारिश और साफ मौसम के चलते दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ग्रीन और मॉडरेट श्रेणी में दर्ज किया गया, जिससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिली है। दूसरी ओर, बिहार में शुक्रवार से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर अभी भी बना हुआ है। पटना, बेतिया, गोपालगंज, रक्सौल और खगड़िया समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति है, जबकि बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हुआ है।
चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. बाकी 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है.
गया, जमुई और अररिया जैसे जिलों में अलग-अलग घटनाओं में लोगों की मौत हुई, वहीं कई लोग घायल हुए हैं। कुछ स्थानों पर दीवार गिरने और पेड़ों पर बिजली गिरने से आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर खेती पर पड़ा है। तेज हवाओं, बारिश और ओलों के कारण खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यह अस्थिर रुख जारी रह सकता है।
Comments are closed.