छठ पूजा पर बदलेगा मौसम का मिजाज: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, जानें यूपी-उत्तराखंड से बिहार तक का हाल

2

दिवाली के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज: दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड

दिवाली के बाद अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। अक्टूबर खत्म होने को है, लेकिन इस बार ठंड ने अभी पूरी तरह दस्तक नहीं दी है। सुबह और रात के समय हल्की सिहरन महसूस हो रही है, जबकि दिन में अभी भी गर्मी का एहसास बना हुआ है। हालांकि, अब मौसम का रुख बदलने वाला है। अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली-NCR: बूंदाबांदी से मिलेगी ठंडक
दिल्ली-एनसीआर में 27 और 28 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम या रात में बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 29 अक्टूबर को आसमान साफ रहेगा। बारिश होने पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बीच, प्रदूषण से राहत की उम्मीद भी जताई जा रही है, क्योंकि दिल्ली सरकार कृत्रिम बारिश की तैयारी कर रही है। अगर प्राकृतिक बारिश होती है, तो वायु गुणवत्ता में सुधार संभव है।

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी विक्षोभ करेगा असर
उत्तर प्रदेश में 27 अक्टूबर से अगले चार दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देर रात और सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने की भी संभावना है। इससे तापमान में गिरावट और ठंडक में इजाफा होगा।

उत्तराखंड: बारिश और कोहरे का अलर्ट
उत्तराखंड में भी 27 से 29 अक्टूबर तक हल्की बारिश और कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने यात्रियों को पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और कोहरे से सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के बाद राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

बिहार: छठ के बाद बदलेगा मौसम
बिहार में छठ पूजा के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से बने चक्रवात के असर से 29 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पटना, गया, भागलपुर और मुज़फ्फरपुर में हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, छठ पूजा के दौरान मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

Comments are closed.