दिल्ली-NCR में एक हफ्ते तक कैसा रहेगा मौसम? 10 दिनों में तीसरी बार बारिश की संभावना

1

दिल्ली में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं हुई है, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए हैं।

इसी बीच एक बार फिर बारिश के संकेत मिल रहे हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में तीसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके असर से दिल्ली-NCR में दोबारा बेमौसम बारिश हो सकती है। इस साल यह तीसरा मौका होगा जब राजधानी क्षेत्र में बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके चलते 1 फरवरी को पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में बारिश के आसार

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ से लेकर बिहार तक बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और सटे मध्य भारत में 31 जनवरी से अगले तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं 2 फरवरी को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने का अनुमान है।

गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि 31 जनवरी को दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होगी, जबकि जम्मू-कश्मीर, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में 1 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

  • घने कोहरे का अलर्ट
  • मौसम विभाग ने कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।
  • जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में 30 जनवरी तक

उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में 31 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 28 से 31 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट जारी है।

हिमाचल और मध्य प्रदेश में मौसम का असर

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटों में कई बार बारिश दर्ज की गई है। वहीं मध्य प्रदेश के ग्वालियर और रायसेन जिलों में भी लगातार बारिश हो रही है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में आज भी बारिश की संभावना है।

जनवरी के आखिर तक बनी रहेगी ठंड

दिल्ली में 29 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रहेगा।
हालांकि 1 फरवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जनवरी की शुरुआत जैसी कड़ाके की ठंड और गलन अब कम महसूस होगी।

Comments are closed.