दिल्ली में अगस्त की शुरुआत में नहीं होगी भारी बारिश, तापमान में बढ़ोतरी के आसार
दिल्ली-एनसीआर में अगस्त के पहले सप्ताह के दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में हल्की बारिश के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि, तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
शुक्रवार को राजधानी में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहा। दिनभर उमस बनी रही, जबकि कुछ इलाकों में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री नीचे रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक विभिन्न हिस्सों में इस प्रकार बारिश दर्ज की गई:
सफदरजंग: 4.6 मिमी
लोधी रोड: 4.2 मिमी
आयानगर: 11.0 मिमी
राजघाट: 3.2 मिमी
पूसा: 0.5 मिमी
नजफगढ़: 2.5 मिमी
शनिवार को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद या शाम के समय हल्की बारिश, गर्जन वाले बादल और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 8 अगस्त तक भारी वर्षा के आसार नहीं हैं। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को जो हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, उससे कुछ समय के लिए उमस में राहत ज़रूर मिली, लेकिन व्यापक ठंडक फिलहाल नहीं दिख रही।
Comments are closed.