हैदराबाद में एस्टन मार्टिन की टक्कर से महिला की मौत, सांसद के बेटे के खिलाफ केस

3

हैदराबाद के माधापुर में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन की टक्कर से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाली भारती मुखी एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन थीं। पुलिस ने कार चला रहे 21 वर्षीय लिंगामनेनी संजुश के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। संजुश राज्यसभा सांसद और कारोबारी लिंगामनेनी रमेश के बेटे हैं।

हादसा 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच से लौट रही थीं और सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर से भारती के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहा। उन्हें तत्काल उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्टोर मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी।

साइबराबाद पुलिस ने संजुश की पहचान कार चालक के रूप में की है। माधापुर एसीपी सी. श्रीधर के अनुसार, आरोपी को नोटिस जारी किया गया है और अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि संबंधित अपराध जमानती है और इसमें सात साल से कम की सजा का प्रावधान है।

मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से मौत का कारण बनने से संबंधित है।

Comments are closed.