कोलकाता से श्रीलंका शिफ्ट हो सकता है वर्ल्ड कप मैच, ICC को पत्र लिखेगा बांग्लादेश बोर्ड: सूत्र

5

मुस्ताफिज़ुर रहमान के कोलकाता नाइट राइडर्स और आईपीएल से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सोमवार रात करीब 9:30 बजे आपात बैठक की।

बोर्ड डायरेक्टर्स की वर्चुअल मीटिंग के बाद BCB मीडिया कमिटी के चेयरमैन अमज़द हुसैन ने ESPNcricinfo से कहा कि कोलकाता में होने वाले वर्ल्ड कप मैचों को लेकर बोर्ड अपनी चिंताएं ICC के सामने रखेगा। अमज़द हुसैन ने कहा, “हमें कोलकाता में वर्ल्ड कप के तीन मैच खेलने हैं। आज जो कुछ हुआ है, उसके बारे में हम ICC को पत्र लिखेंगे।”

इस घटनाक्रम पर बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार डॉ. आसिफ़ नज़रूल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को टीम से बाहर किया। उन्होंने इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।

डॉ. आसिफ़ नज़रूल ने आगे लिखा कि खेल मंत्रालय के सलाहकार के तौर पर उन्होंने BCB को पूरा मामला ICC के समक्ष रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बांग्लादेशी क्रिकेटर अनुबंध के बावजूद भारत में खेलने को लेकर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता, तो वर्ल्ड कप के दौरान पूरी बांग्लादेश टीम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। इसी आधार पर उन्होंने बोर्ड से ICC से यह अनुरोध करने को कहा है कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।

हालांकि, इस आपात बैठक से पहले BCB मीडिया कमिटी के चेयरमैन अमज़द हुसैन ने अधिक संयमित रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था, “हमें यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि हमें जानबूझकर अलग-थलग किया जा रहा है। ऐसा अनुभव हमें पहले कभी नहीं हुआ है। हमें BCCI से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक कोई फैसला लेना सही नहीं होगा। हमारे खिलाड़ियों की गरिमा और सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता है और उसी के आधार पर सही समय पर फैसला लिया जाएगा।”

टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है, जिसमें इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्ट इंडीज़ शामिल हैं। शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को कोलकाता में 7 फरवरी को वेस्ट इंडीज़, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। वहीं ग्रुप का चौथा मैच बांग्लादेश को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ खेलना है।

Comments are closed.