World Migratory Bird Day 2025: गंगा तटों पर उमड़ा प्रवासी पक्षियों का मेला, परिंदों की चहचहाहट से गूंजा आसमान

6

विश्व प्रवासी पक्षी दिवस 2025: भागलपुर के गंगा तट एक बार फिर प्रकृति की चहचहाहट से गूंज उठे हैं।

शांत वादियों और निर्मल जलधारा के बीच गंगा का यह क्षेत्र प्रवासी और दुर्लभ पक्षियों के लिए नई शरणस्थली बन गया है। कभी विलुप्ति के कगार पर मानी जाने वाली कई प्रजातियां अब यहां वापस लौट आई हैं, जिससे पर्यावरणविदों और स्थानीय लोगों में उत्साह है।

वैज्ञानिक अध्ययन से खुला रहस्य
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों की एक टीम ने गंगा तट के दियारा क्षेत्र में पक्षियों पर विस्तृत अध्ययन किया है। अनुसंधान निदेशक डॉ. अनिल कुमार सिंह और कीट विज्ञान विभाग के डॉ. तारकनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में हुए इस अध्ययन में विश्वविद्यालय से करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में पक्षियों की विविधता और प्रजनन पैटर्न का आकलन किया गया।

75 प्रजातियों की पहचान, कई दुर्लभ पक्षी लौटे
अध्ययन में करीब 75 प्रजातियों की पहचान की गई है। इनमें छोटा गरुड़, काले सिर वाला बगुला और तितरी जैसी दुर्लभ प्रजातियां प्रमुख हैं, जो यहां की जलवायु और शांति के कारण स्थायी रूप से बस चुकी हैं। गंगा के रेतीले टापू और दियारा क्षेत्र अब इन पक्षियों के प्रजनन और भोजन का सुरक्षित ठिकाना बन गए हैं।

संकटग्रस्त प्रजातियों के लिए उम्मीद की किरण
अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) ने इन पक्षियों को संकटग्रस्त श्रेणी में रखा है। बावजूद इसके, भागलपुर में इनकी स्थायी मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि यहां का पर्यावरण संतुलित और जैव विविधता के अनुकूल बना हुआ है।

प्राकृतिक शांति ने दी सुरक्षा की ढाल
वैज्ञानिकों के अनुसार, गंगा किनारे का यह इलाका मानवीय हस्तक्षेप से लगभग मुक्त है। सीमित जनसंख्या, औद्योगिक गतिविधियों का अभाव और स्थानीय लोगों का प्रकृति के प्रति सम्मान इन पक्षियों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यहां के किसान और पशुपालक न तो शिकार करते हैं, न ही घोंसलों को नुकसान पहुंचाते हैं।

प्रकृति से सीखने का अवसर
बीएयू सबौर के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि भागलपुर के गंगा तट पर विलुप्त प्रजातियों का लौट आना इस बात का संकेत है कि अगर इंसान प्रकृति से संतुलन बनाए रखे, तो जैव विविधता स्वयं पुनर्जीवित हो सकती है। उन्होंने लोगों से इन पक्षियों के संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की।

Comments are closed.