दिल्ली में यमुना में उफान, 19 अगस्त तक खतरे का निशान पार कर सकती है

1

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, 19 अगस्त तक खतरे का निशान पार होने का खतरा

पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे दिल्ली में जलस्तर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, 19 अगस्त की देर रात तक जलस्तर 206 मीटर तक पहुंच सकता है, जो खतरे के स्तर 205.33 मीटर को पार कर देगा।

रविवार शाम करीब सात बजे नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 204.60 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.50 मीटर से अधिक है। पुराने रेलवे पुल को नदी प्रवाह और संभावित बाढ़ के जोखिम की निगरानी के लिए प्रमुख बिंदु माना जाता है।

  • हथिनीकुंड और वजीराबाद बैराज से पानी का प्रवाह
  • हथिनीकुंड बैराज से इस सीजन में सबसे अधिक 1.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
  • वजीराबाद बैराज से हर घंटे 45,620 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
  • यह पानी आमतौर पर 48–50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।

CWC ने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि मिनी फ्लड की घोषणा अब 1 लाख क्यूसेक पानी पर और हाई फ्लड 2.5 लाख क्यूसेक पानी पर की जाती है।

केंद्र और दिल्ली सरकार की एजेंसियों को नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की तैयारी पूरी करने और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.