योगी सरकार की नई पहल, छावनी हॉस्पिटल में प्रदेशवासियों को फ्री ट्रीटमेंट

1

आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और बढ़ने जा रहा है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब उत्तर प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों को भी जोड़ा जाएगा।

इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ जल्द ही एमओयू साइन करेगी। प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं। इनमें से प्रयागराज के कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी से आयुष्मान कार्ड धारकों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। यहां की सकारात्मक रिपोर्ट और बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए सरकार ने अन्य 12 अस्पतालों को भी योजना में शामिल करने का निर्णय लिया है।

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि प्रयागराज में लाभार्थियों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज भी निशुल्क मिल रहा है। इसके साथ ही मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, आवश्यक जांचें और गंभीर मरीजों के लिए नि:शुल्क एंबुलेंस/परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

एमओयू प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। समझौता होते ही लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी योजना लागू हो जाएगी। साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव के अनुसार, इन अस्पतालों के जुड़ने से आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं और उच्च स्तरीय उपचार सुविधाएं मिलेंगी। एमओयू के बाद सभी अस्पतालों को योजना के ऑनलाइन पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे उपचार और भुगतान प्रक्रिया और अधिक सुगम व पारदर्शी हो सकेगी।

Comments are closed.