जुबीन गर्ग केस: SIT ने मैनेजर और फेस्टिवल आयोजक को तलब किया

6

असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने सिंगापुर में नॉर्थ-ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और गायक के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

दोनों को 6 अक्टूबर तक जांच में शामिल होने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी ने गर्ग के साथ याट पर मौजूद करीब एक दर्जन अन्य लोगों को भी तलब किया है। जुबीन गर्ग 19 सितंबर को सिंगापुर में एक याट पर गए थे। तैराकी के दौरान वे पानी में औंधे मुंह मिले और बाद में उनकी मौत हो गई। इस दौरान उनके साथ बैंड के साथी शेखर ज्योति गोस्वामी भी मौजूद थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

महंत के घर पर छापे
एसआईटी ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन श्यामकानु महंत के घर पर छापेमारी की। उनके खिलाफ आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

असम में विरोध प्रदर्शन
गायक की मौत के बाद असम में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। लोग तत्काल गिरफ्तारी और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

महंत के कार्यक्रमों पर CM का बयान
सीएम सरमा ने कहा कि श्यामकानु महंत के कार्यक्रम असमिया संस्कृति को नहीं दर्शाते, इसलिए राज्य सरकार ने उन्हें कोई सहयोग नहीं दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ऐसे आयोजनों को न कभी प्रोत्साहित करते हैं और न ही उनमें शामिल होते हैं।

Comments are closed.