इंफाल में अरम्बाई टेंगोल के सदस्य की गिरफ्तारी पर विरोध प्रदर्शन, 5 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद

1

मणिपुर की राजधानी इंफाल के कई हिस्सों में शनिवार रात को अरम्बाई टेंगोल के एक सदस्य की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.

प्रदर्शनकारियों में अधिकतर युवा लोग शामिल थे जो मैतेई स्वयंसेवी समूह अरम्बाई तेंगोल (एटी) के सदस्य हैं. प्रदर्शनकारियों ने नेता की रिहाई की मांग करते हुए क्वाकेथेल और उरीपोक में सड़क के बीचों-बीच टायर और पुराने फर्नीचर जला दिए. एक अधिकारी ने कहा, “स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए इन इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है.” प्रदर्शनकारी नेता कानन सिंह को रिहा करने की मांग करते हुए दिखाई दिए. वहीं निवासियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि उन्होंने इंफाल के क्वाकेथेल इलाके में गोलियों की आवाज सुनी.

5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित
मणिपुर सरकार ने शनिवार रात 11.45 बजे से पांच दिनों के लिए घाटी के पांच जिलों इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया है. आयुक्त-सह-सचिव (गृह), एन अशोक कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, “विशेष रूप से इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व जनता को भड़काने के लिए फोटो, अभद्र भाषा और वीडियो संदेशों के प्रसारण के लिए सोशल मीडिया का बड़े पैमाने पर उपयोग कर सकते हैं. जिससे राज्य की कानून और व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर असर हो सकता है.”

“आपातकालीन स्थिति को देखते हुए आदेश एकतरफा पारित किया जा रहा है. आदेश का उल्लंघन करने का दोषी पाया जाने वाला कोई भी व्यक्ति कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए उत्तरदायी होगा,”

Comments are closed.