सोनम रघुवंशी केस: शिलांग में आज आमने-सामने होंगे सोनम और राज, रिमांड पर पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
शिलांग में हनीमून के दौरान पति की हत्या कराने वाली सोनम रघुवंशी से पूछताछ शुरू, कई राज़ आए सामने।
पति राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग ले आई है, जहां उससे वारदात और साजिश में शामिल सभी पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सोनम को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन की भी तैयारी में जुटी है।
मेडिकल जांच के बाद पूछताछ शुरू
मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे सोनम को शिलांग सदर थाने लाया गया, जहां से उसे मेडिकल जांच के लिए गणेश दास अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। आज बुधवार को सोनम और अन्य आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिर सभी को आमने-सामने बिठाकर सच्चाई जानने की कोशिश होगी।
इंदौर में प्रेमी राज से मुलाकात, हत्या के बाद साझा की सारी जानकारी
सोनम की पूछताछ में सामने आया कि 23 मई को राजा की हत्या के बाद वह ट्रेन से इंदौर लौटी और देवास नाका इलाके में किराए के कमरे में रुकी। वहां उसकी मुलाकात प्रेमी राज कुशवाहा से हुई, जिसे उसने हनीमून से लेकर हत्या तक का पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद राज ने ही उसके लिए एक टैक्सी बुक कर गाजीपुर रवाना कर दिया।
वीडियो कॉल पर राज और सोनम आमने-सामने
पुलिस जब विशाल उर्फ विक्की का फोन बरामद नहीं कर सकी, तो शक राज और सोनम पर गया। डीएसपी विपुल दास ने वीडियो कॉल के जरिए सोनम से पूछताछ की और राज का सामना कराया। पहले तो सोनम मुकर गई, लेकिन बाद में उसने इंदौर में राज से मिलने की बात स्वीकार कर ली। यह स्वीकारोक्ति पुलिस के लिए बड़ा ब्रेकथ्रू रही।
फरारी में किसने की मदद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि सोनम गाजीपुर पहुंचने से पहले कहां-कहां गई और किसने उसकी मदद की। शिलांग के एसपी विवेक सिम ने कहा कि सोनम के बयानों की पुष्टि की जा रही है और फरारी में मददगारों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
11 दिन के भीतर शादी से हत्या तक का खौफनाक सफर
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। 20 मई को दोनों हनीमून मनाने शिलांग पहुंचे, जहां 23 मई को राजा की हत्या कर दी गई। इस हत्या के पीछे सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा की साजिश थी, जिसने तीन शूटरों की मदद से वारदात को अंजाम दिलवाया।
पुलिस को उम्मीद है कि अब पूछताछ में और बड़े खुलासे होंगे, जिससे यह खौफनाक मर्डर मिस्ट्री पूरी तरह सुलझ सकेगी।
Comments are closed.