ISI को खुफिया जानकारी भेज रहा था भारतीय सैनिक, अमृतसर से साथी समेत गिरफ्तार

3

अमृतसर में सेना का जवान ISI के लिए जासूसी करते गिरफ्तार, एक साथी भी पकड़ा गया

अमृतसर देहात पुलिस के स्पेशल सेल ने रविवार सुबह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे एक भारतीय सेना के जवान और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों भारतीय सैन्य ठिकानों और मूवमेंट से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेज रहे थे।

दो मोबाइल और पेन ड्राइव बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक पेन ड्राइव बरामद की गई है, जिसमें से कुछ डिलीटेड डेटा संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी जवान की पहचान
एसएसपी मनिंदर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार जवान की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है, जो लोपेके थाना क्षेत्र के धालीवाल गांव का निवासी है। गुरप्रीत 2016 से भारतीय सेना में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। दूसरा आरोपी साहिल मसीह भी उसी गांव से है।

ISI एजेंट के सीधे संपर्क में था जवान
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरप्रीत सिंह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट राणा जावेद के सीधे संपर्क में था। वह नियमित तौर पर मोबाइल पर उससे बातचीत करता था और उसकी मांग पर भारतीय सेना की छावनियों, गतिविधियों और मूवमेंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भेजता था।

कोर्ट में पेशी से पहले पूछताछ जारी
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। शाम तक दोनों को स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Comments are closed.