छात्रा सौम्याश्री बीसी का निधन, आत्मदाह की कोशिश के तीन दिन बाद AIIMS भुवनेश्वर में तोड़ा दम
शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर लगाई थी आग, सरकार ने दोषियों को सख्त सजा का दिया आश्वासन ओडिशा के फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय की छात्रा सौम्याश्री बीसी का सोमवार रात निधन हो गया। शिक्षक की कथित प्रताड़ना से आहत होकर सौम्याश्री ने शनिवार को आत्मदाह की कोशिश की थी। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार रात 11:46 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
अस्पताल परिसर में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
सौम्याश्री के निधन की खबर फैलते ही एम्स परिसर में तनाव का माहौल बन गया। बीजू जनता दल और कांग्रेस से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने लगी। एंबुलेंस को रोकने की कोशिशें हुईं और सरकार विरोधी नारेबाजी भी देखी गई। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
रात में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई, और पुलिस सुरक्षा के बीच छात्रा का पार्थिव शरीर पुरी स्थित स्वर्ग द्वार ले जाने की तैयारी की गई थी। हालांकि, अंतिम निर्णय के अनुसार, सौम्याश्री का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव — बालेश्वर ज़िले के भोगराई ब्लॉक स्थित पाल्सी गांव — में किया जाएगा।
सुबह 9 बजे होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, सौम्याश्री का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 9 बजे पाल्सी गांव पहुंचेगा, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रास्ते में बालेश्वर के फुलाड़ी क्षेत्र में कई नेताओं और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव में पहले से ही भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है।

मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “सरकार द्वारा सभी प्रयासों के बावजूद सौम्याश्री को नहीं बचाया जा सका। मैं उनके परिवार को भरोसा दिलाता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा राज्य अध्यक्ष मनमोहन सामल ने भी ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, जो सोमवार को AIIMS भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं, ने भी बर्न यूनिट का दौरा कर डॉक्टरों से सौम्याश्री की स्थिति की जानकारी ली थी।
Comments are closed.