IND vs PAK Legends मैच रद्द: कई भारतीय दिग्गजों ने खेलने से किया इनकार, आयोजकों ने जताया खेद
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का चौथा मुकाबला, जो आज (20 जुलाई) इंडिया लीजेंड्स और पाकिस्तान लीजेंड्स के बीच होना था, अंतिम समय में रद्द कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, कुछ प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने से इनकार कर दिया, जिसके चलते आयोजकों को यह फैसला लेना पड़ा।
हरभजन, धवन, रैना और यूसुफ पठान ने जताई आपत्ति
पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह, सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, मध्यक्रम के स्टार सुरेश रैना और ऑलराउंडर यूसुफ पठान उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने मैच खेलने से इनकार किया। बताया जा रहा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहली भिड़ंत को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना तेज़ हो गई थी, जिससे खिलाड़ी भी असहज महसूस कर रहे थे।
आयोजकों का बयान
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ने एक आधिकारिक पोस्ट में लिखा:
“पाकिस्तान की हॉकी टीम के हालिया भारत दौरे और भारत-पाक वॉलीबॉल मैच के बाद हमने यह क्रिकेट मुकाबला आयोजित करने का विचार किया था। लेकिन हमें महसूस हुआ कि इससे कई लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। भारतीय दिग्गजों और दर्शकों की असहजता को देखते हुए, हमने मैच रद्द करने का निर्णय लिया है। हमें उम्मीद है कि आप हमारे फैसले को समझेंगे।”
Comments are closed.