रूस में आया 8.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई देशों में सुनामी की चेतावनी

6

रूस में 8.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, अमेरिका-जापान समेत कई देशों में सुनामी अलर्ट

रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पास बुधवार सुबह 8.7 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया, जिसके बाद अमेरिका, जापान और प्रशांत क्षेत्र के कई हिस्सों में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र सतह से 19.3 किलोमीटर गहराई में था।

जापान की मौसम एजेंसी ने भूकंप की पुष्टि करते हुए होक्काइडो के पूर्वी तट पर एक मीटर तक ऊंची लहरों की चेतावनी दी है। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं मिली है।

रूसी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर में लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। कई इमारतों में दरारें आईं, अलमारियां गिरीं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कुछ इलाकों में मोबाइल सेवा भी ठप हो गई।

अमेरिका के अलास्का और पश्चिमी तटों (कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, हवाई) पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। अलास्का के अलेउतियन द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

टोक्यो विश्वविद्यालय के भूकंप विशेषज्ञ शिनिची सकाई के अनुसार, “अगर भूकंप सतह के करीब होता है, तो वह दूरस्थ क्षेत्रों में भी सुनामी का कारण बन सकता है।” जापान सरकार ने स्थिति पर नज़र रखने और प्रतिक्रिया के लिए एक आपात कार्यबल तैनात किया है।

गौरतलब है कि कामचटका क्षेत्र भूकंप-संवेदनशील “प्रशांत रिंग ऑफ फायर” का हिस्सा है। जुलाई में भी इस इलाके में 7.4 तीव्रता तक के कई भूकंप दर्ज किए गए थे।

Comments are closed.