रूस-यूक्रेन युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका और यूरोप के कई देश जहां इस जंग के खत्म होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं रूस ने एक बार फिर बड़ा हमला कर हालात और गंभीर कर दिए हैं।
ताजा जानकारी के अनुसार, रूस ने यूक्रेन पर 502 ड्रोन और 24 मिसाइलें दागीं, जिससे कई इलाकों में भारी तबाही मची और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह हमला देर रात उस वक्त हुआ जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा— “दुनिया देख रही है कि रूस शांति के लिए किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों की खुली अवहेलना कर रहा है। जब तक मॉस्को युद्ध का रास्ता चुनता रहेगा, उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे।”
यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रातभर चली कार्रवाई में कम से कम 451 रूसी हथियारों को मार गिराया गया, जिनमें 21 क्रूज मिसाइलें भी शामिल थीं। इसके बावजूद कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।
प्रभावित क्षेत्र:
किरोवोहराद (ज्नामिंका): पांच लोग घायल, रेलवे ढांचे को नुकसान, कई ट्रेनें देरी से चलीं।
कीव (विशहोरोद): ड्रोन मलबा गिरने से रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में आग, वाहनों और घरों को नुकसान।
खमेलनित्सकी: विस्फोटों से आग, सार्वजनिक परिवहन बाधित होने की आशंका।
लुत्स्क: गैरेज और ट्रक जले, मलबे से एक घर को नुकसान।
इवानो-फ्रैंकिवस्क: बुनियादी ढांचे पर हमला, आग लगने से नुकसान।
चेर्निहाइव: ड्रोन हमले से आवासीय घर में आग, आसपास के कई घर और कारें क्षतिग्रस्त।
अन्य क्षेत्र: नीपर, वोलिन, ल्विव, सूमी, रिव्ने, डोनेट्स्क, खेरसॉन, मायकोलाइव, चर्कासी और टेरनोपिल में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
यूक्रेन का कहना है कि रूस के ये हमले शांति वार्ता की संभावना को और दूर धकेल रहे हैं और आम नागरिकों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहे हैं।
Comments are closed.