ट्रंप की मुस्लिम देशों संग अहम बैठक: इज़रायल के रुख से बढ़ी बेचैनी, पाकिस्तान- अरब देशों ने थामा नया सहारा

3

न्यूयॉर्क में चल रही संयुक्त राष्ट्र महासभा के बीच गाज़ा युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुस्लिम देशों के नेताओं संग अहम बैठक की.

इस बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, तुर्की, क़तर, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन के प्रतिनिधि शामिल हुए. 24 सितंबर को हुई इस बहुपक्षीय वार्ता में गाज़ा संघर्ष को खत्म करने और स्थायी समाधान तलाशने पर जोर दिया गया. इसमें युद्धविराम, मानवीय राहत और क्षेत्रीय स्थिरता बहाल करने के संभावित रास्तों पर चर्चा हुई.

बैठक की शुरुआत में ट्रंप ने इसे अपने दिन की “सबसे महत्वपूर्ण बैठक” बताते हुए कहा, “हम गाज़ा युद्ध को खत्म करना चाहते हैं और शायद इसे अभी रोक सकते हैं.” क़तर के अमीर शेख तमीम ने भी कहा कि अरब देश इस संकट को समाप्त करने और बंधकों की रिहाई के लिए ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा करते हैं.

इससे पहले महासभा में दिए भाषण में ट्रंप ने हमास पर शांति प्रस्तावों को नकारने का आरोप लगाया और हाल ही में फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता देने वाले देशों की आलोचना की. उन्होंने कहा, “जो लोग शांति चाहते हैं उन्हें एकजुट होकर कहना चाहिए—बंधकों को तुरंत रिहा करो.”

गौरतलब है कि बीते सप्ताह ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, पुर्तगाल और यूनाइटेड किंगडम समेत 10 देशों ने औपचारिक रूप से फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता दी है, जिस पर अमेरिका ने कड़ा ऐतराज़ जताया है.

Comments are closed.