बहराइच में आदमख़ोर भेड़िए का सफाया, CM योगी ने दिए थे सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कैसरगंज के तौकली इलाके में पिछले कई दिनों से दहशत फैलाने वाला आदमख़ोर भेड़िया मारा गया। वन विभाग की टीम ने ऑपरेशन के दौरान उसे मृत अवस्था में पाया। इस भेड़िए के हमलों में अब तक 4 बच्चों की मौत हो चुकी थी और लगभग 20 लोग घायल हुए थे। ग्रामीणों में भय का माहौल इतना गहरा गया था कि लोग शाम होते ही घरों में कैद हो जाते थे।
सीएम योगी का सख्त आदेश
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच का दौरा किया और हवाई सर्वेक्षण के बाद ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने वन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि भेड़िए को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जाए, लेकिन यदि संभव न हो तो उसे मार गिराया जाए।
ऑपरेशन और राहत कार्य
मारे गए भेड़िए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि उसके व्यवहार और हमलों की जांच की जा सके। वन विभाग ने कहा कि इलाके में सतर्कता जारी रहेगी।
सीएम ने मृत बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों का पूरा इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सांसदों और विधायकों के जरिए पीड़ित परिवारों को तत्काल 50-50 हजार रुपये वितरित किए गए। बच्चों को चॉकलेट और राहत सामग्री भी दी गई।
बरसात और वन्यजीवों का व्यवहार
मुख्यमंत्री ने बताया कि बरसात के दौरान घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से भेड़िए और लकड़बग्घे जैसे वन्यजीव अपनी मांद छोड़कर बस्तियों की ओर आ जाते हैं, जिससे हमले बढ़ जाते हैं।
सुरक्षा उपाय और सतर्कता
सरकार ने पूरे क्षेत्र में 21 कार्यबल गठित किए हैं, जिसमें ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, सफाई कर्मचारी और ग्राम चौकीदार शामिल हैं। ये टीमें ग्रामीणों को जनजागरण कर रही हैं और वन्यजीवों से बचाव के उपाय बता रही हैं। मुख्यमंत्री ने कमजोर परिवारों के लिए मकान और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
Comments are closed.