त्योहारी सीजन में हवाई यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिवाली और छठ जैसे त्यौहारों के दौरान हवाई टिकटों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।
मंत्रालय ने DGCA को निर्देश दिया है कि वह एयरलाइनों पर कड़ी निगरानी रखे और किरायों में अचानक वृद्धि की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करे। साथ ही एयरलाइनों को यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारी सीजन में 1,700 से ज्यादा अतिरिक्त उड़ानें
- DGCA ने एयरलाइनों से बातचीत कर सलाह दी है कि वे त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए नई उड़ानें जोड़ें।
- इंडिगो (IndiGo) करीब 42 सेक्टरों में 730 अतिरिक्त उड़ानें चलाएगी।
- एयर इंडिया (Air India) और एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) संयुक्त रूप से 20 सेक्टरों में 486 उड़ानें बढ़ाने जा रही हैं।
- स्पाइसजेट (SpiceJet) भी 38 सेक्टरों में 546 नई उड़ानें संचालित करने की तैयारी में है।
कुल मिलाकर, सभी एयरलाइंस 1,700 से अधिक अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेंगी ताकि टिकटों की कमी और बढ़ती कीमतों की स्थिति न बने।
PAC की सिफारिश के बाद सख्ती
यह कदम संसद की पब्लिक अकाउंट कमेटी (PAC) की सिफारिश के बाद उठाया गया है। PAC ने हाल ही में त्योहारों और छुट्टियों के दौरान हवाई किराए में अचानक बढ़ोतरी पर चिंता जताई थी और DGCA से घरेलू उड़ानों के किरायों पर नियंत्रण रखने की सलाह दी थी।
DGCA बना रहा है मॉनिटरिंग सिस्टम
DGCA ने समिति को बताया है कि वह एक नए किराया मॉनिटरिंग सिस्टम पर काम कर रहा है, जो मांग बढ़ने पर भी टिकट की कीमतों को बेतहाशा बढ़ने से रोक सकेगा। इस कदम से यात्रियों को उम्मीद है कि वे इस दिवाली और छठ पर किफायती और सुविधाजनक हवाई यात्रा का आनंद ले सकेंगे।
Comments are closed.