ट्रंप की भारत को चेतावनी: रूसी तेल खरीदने पर देना पड़ सकता है भारी टैरिफ

3

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दीवाली के मौके पर भारत को रूसी तेल खरीद को लेकर दोबारा चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करता, तो अमेरिका “भारी टैरिफ” लगाने के लिए तैयार है।

पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी फोन पर बात हुई थी और मोदी ने भरोसा दिलाया था कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हाल में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।

ट्रंप ने कहा, “अगर भारत हमारी शर्तों पर तैयार नहीं होता है, तो हम टैरिफ बढ़ाएंगे। मैंने पीएम मोदी से रूसी तेल खरीद के मुद्दे पर चर्चा की है।” वहीं, जब उनसे भारत द्वारा उनके दावे को खारिज किए जाने पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि “अगर भारत रूस से तेल खरीदता रहेगा, तो उसे भारी टैरिफ चुकाने होंगे।”

ट्रंप प्रशासन ने पहले ही भारत पर लगभग 50% तक टैरिफ लगा रखा है, जो किसी भी देश के मुकाबले सबसे अधिक है। उनका कहना है कि रूस से तेल खरीदना यूक्रेन युद्ध के दौरान पुतिन को अप्रत्यक्ष रूप से आर्थिक मदद देना है।

हालांकि, भारत का कहना है कि उसकी ऊर्जा नीति पूरी तरह से राष्ट्रीय हित पर आधारित है और वह अपनी जरूरतों के अनुसार ही तेल की खरीद जारी रखेगा। रूस भारत को रियायती दरों पर कच्चा तेल उपलब्ध करा रहा है, जिसके चलते भारत मॉस्को से खरीद बनाए हुए है।

Comments are closed.