पश्चिमी तुर्की में 6.1 तीव्रता का भूकंप, कई इमारतों को नुकसान, इस्तांबुल तक झटके महसूस

10

पश्चिमी तुर्की में सोमवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। देश की आपदा एवं आपात प्रबंधन एजेंसी (AFAD) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई और इसका केंद्र बालिकेसिर प्रांत के सिन्दिरगी कस्बे में था।

स्थानीय समयानुसार रात 10 बजकर 48 मिनट (1948 GMT) पर आए इस भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 6 किलोमीटर नीचे था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सिन्दिरगी में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। समाचार चैनलों NTV और हाबरटुर्क ने बताया कि झटके इस्तांबुल, बुर्सा, मनीसा और इज़मिर जैसे बड़े शहरों तक महसूस किए गए।

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में अगस्त में भी 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे। तब से अब तक इस इलाके में छोटे झटके लगातार आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।

तुर्की दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है, क्योंकि यह कई प्रमुख फॉल्ट लाइनों पर स्थित है। 2023 में दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी तुर्की में आए 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में 53,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि हजारों इमारतें ढह गई थीं। उस भूकंप का असर पड़ोसी सीरिया में भी महसूस हुआ था, जहां हजारों लोग मारे गए थे।

Comments are closed.