भारत की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत पर दुनिया का उत्सव, देखें पाकिस्तान से ऑस्ट्रेलिया तक कैसी रहीं सुर्खियाँ

3

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए अपना पहला वनडे विश्व कप खिताब जीत लिया।

मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर 2005 और 2017 के फाइनल की हार का बदला चुका दिया। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए एक स्वर्णिम अध्याय बन गई, जिसने पूरे देश को जश्न में डुबो दिया।

फाइनल में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार नेतृत्व दिखाया, जबकि गेंदबाज दीप्ति शर्मा ने 9.3 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट झटके और जीत की नींव रखी। सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जिससे टीम का स्कोर मजबूत स्थिति में पहुंचा।

ट्रॉफी प्रेजेंटेशन के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला, जब हरमनप्रीत कौर और पूरी टीम ने ट्रॉफी अपनी पूर्व कप्तानों मिताली राज और झूलन गोस्वामी को समर्पित की। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने भारतीय महिला क्रिकेट को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन अपने करियर में वर्ल्ड कप जीत नहीं पाई थीं।

दुनिया भर की मीडिया में भारत की जीत की गूंज

पाकिस्तान के डॉन न्यूज़ ने हेडलाइन दी — “अभी तो शुरुआत है… भारत ने जीता पहला महिला वर्ल्ड कप।” रिपोर्ट में लिखा गया कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने न सिर्फ इतिहास रचा बल्कि आने वाले समय में महिला क्रिकेट में नए युग की शुरुआत कर दी है।

जियो न्यूज़ ने लिखा — “भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर पहला महिला विश्व कप जीता।” रिपोर्ट में दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी और भारतीय टीम की सामूहिक कोशिशों की प्रशंसा की गई। इंग्लैंड के द गार्जियन ने लिखा — “भारत की शेरनियों ने क्रिकेट इतिहास में नई कहानी लिखी,” जबकि ऑस्ट्रेलिया के सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने इसे “महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मोड़” बताया।

Comments are closed.