तुर्कमान गेट में MCD की अतिक्रमण कार्रवाई, पथराव के चलते पुलिस को चलाने पड़े आंसू गैस के गोले

2

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तड़के शुरू होने से हालात तनावपूर्ण हो गए।

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर की। पहले यह अभियान सुबह 8 बजे से शुरू होना था, लेकिन इसे करीब 1:30 बजे रात में ही शुरू कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान विरोध कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

5 लोग हिरासत में, CCTV और ड्रोन फुटेज से पहचान

पुलिस ने उपद्रव के मामले में अब तक 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के पास 100 से अधिक वीडियो फुटेज हैं, जिनमें CCTV, बॉडी कैमरा और ड्रोन रिकॉर्डिंग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक पथराव में शामिल लोगों की संख्या 25–30 थी। घायलों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

मस्जिद की जमीन को नहीं छुआ गया

कार्रवाई के दौरान फैज-ए-इलाही मस्जिद की 0.195 एकड़ जमीन को छोड़कर सभी अवैध निर्माण ढहा दिए गए। गिराए गए ढांचों में लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी और बैंक्वेट हॉल शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार अवैध रूप से चल रहे बैंक्वेट हॉल से लाखों रुपये की कमाई हो रही थी और प्रति बुकिंग करीब 1 लाख रुपये लिए जाते थे।

भारी पुलिस बल और मशीनरी की तैनाती

अतिक्रमण हटाने के लिए 10 से 17 बुलडोजर और जेसीबी मशीनें लगाई गईं। मलबा हटाने के लिए 70 से ज्यादा डंपर तैनात किए गए।
MCD के 150 से अधिक कर्मचारी और दिल्ली पुलिस के करीब 1000 जवान मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में 9 जिलों के DCP रैंक अधिकारी, साथ ही RAF की टीमें भी शामिल थीं।

ड्रोन से निगरानी, रास्ते बंद

मस्जिद और रामलीला मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और पथराव किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने नियंत्रित बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस: स्थिति नियंत्रण में

ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा ने कहा,

“यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ज्यादातर उपद्रवी बाहरी थे।”

पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कार्रवाई पूरी हो चुकी है। एहतियात के तौर पर इलाके में BNSS की धारा 164 लागू है। रामलीला मैदान की ओर जाने वाले रास्ते बंद हैं, हालांकि दिन में ट्रैफिक में आंशिक छूट दी जा सकती है।

Comments are closed.