Zelenskyy India Visit: भारत आ सकते हैं जेलेंस्की, यूक्रेनी राजदूत ने शांति में भारत की भूमिका सराही

2

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की के संभावित भारत दौरे को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं।

साल 2025 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के बाद इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान बढ़ा है। भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अगर जेलेंस्की भारत आते हैं, तो वह युद्ध को लेकर यूक्रेन की स्थिति को भारत के सामने सीधे तौर पर स्पष्ट कर सकेंगे।

भारत की भूमिका को अहम बताया
मौजूदा वैश्विक हालात में भारत की भूमिका की सराहना करते हुए पोलिशचुक ने कहा कि भारत एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति है। उन्होंने माना कि मौजूदा परिस्थितियों में तटस्थ रहना आसान नहीं है, लेकिन भारत के पास न सिर्फ वैश्विक रुझानों का पालन करने, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक एजेंडे को दिशा देने की क्षमता भी है। उनके मुताबिक, भारत ने हमेशा दुनिया में शांति को बढ़ावा देने की अपनी भूमिका दिखाई है।

पुतिन के भारत दौरे पर प्रतिक्रिया
दिसंबर 2025 में व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर यूक्रेनी राजदूत ने कहा कि यह रूस के लिए यह दिखाने का मौका था कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा का भारत-रूस संबंधों पर सकारात्मक असर नहीं पड़ा, क्योंकि रूस भारत के प्रति अपनी कई प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं कर रहा है।

जेलेंस्की का भारत दौरा क्यों नहीं हुआ
जेलेंस्की के अब तक भारत न आने के सवाल पर पोलिशचुक ने कहा कि यूक्रेन को उम्मीद है कि भारत दौरे के दौरान उनके राष्ट्रपति को युद्ध को लेकर यूक्रेन का पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि भारत दौरे का निमंत्रण 2024 से लंबित है और इस पर आगे की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय से ही मिल सकती है।

युद्ध को लेकर यूक्रेन का संदेश
युद्ध की मौजूदा स्थिति पर बोलते हुए यूक्रेनी राजदूत ने कहा कि हालात बेहद मुश्किल हैं, लेकिन यूक्रेन हार मानने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष यूक्रेन की पहचान और उसके लोगों के साहस का प्रतीक है और देश इस लड़ाई को जारी रखेगा।

Comments are closed.