उत्तर भारत में मौसम का उलटफेर, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

1

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ी इलाकों में हलचल बढ़ी है, जिसका असर मैदानी राज्यों में भी दिख रहा है। पंजाब और हरियाणा में आज हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है और दिल्ली में अधिकतम पारा 26-27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालांकि संभावित बारिश से एक बार फिर हल्की ठंड लौट सकती है।

दिल्ली-एनसीआर का हाल

13 फरवरी को राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। 14 फरवरी के बाद मौसम आंशिक रूप से बदला हुआ रह सकता है और 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास करा सकती हैं। दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रहेगा।

यूपी-बिहार में क्या संकेत?

उत्तर प्रदेश और बिहार में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्माहट महसूस की जा रही है। हालांकि सुबह के वक्त कुछ शहरों—आगरा, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या और गोरखपुर—में कोहरे की स्थिति बन सकती है। बिहार के कई जिलों में भी सुबह घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा।

पहाड़ी राज्यों में असर ज्यादा

13, 16 और 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने की संभावना है।

कब और कहां बारिश?

13 फरवरी: तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव।

17 फरवरी: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार।

18-19 फरवरी: उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Comments are closed.