मध्य प्रदेश के इंदौर में 24 वर्षीय एमबीए छात्रा की हत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। छात्रा का शव उसके सहपाठी के किराए के मकान से नग्न अवस्था में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
लापता होने के बाद उठा शक
परिवार के अनुसार, छात्रा मंगलवार शाम अपने सहपाठी पीयूष धनोतिया के साथ जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसने देर रात तक लौटने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं आई। उसी रात कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप में उसके मोबाइल फोन से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में छात्रा का चेहरा दिख रहा था, जबकि दूसरे व्यक्ति का चेहरा इमोजी से ढका हुआ था।
कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने कई थानों में तलाश की गुहार लगाई और अंततः पंढरीनाथ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मकान से मिली लाश
शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध मकान से दुर्गंध आने की शिकायत की। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो छात्रा का शव मिला। शव की हालत से अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब तीन दिन पहले हुई थी। गले पर रस्सी जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हुई है।
सहपाठी फरार, पुलिस जांच में जुटी
जिस मकान से शव मिला, वह छात्रा के सहपाठी का किराए का घर बताया जा रहा है। वह घटना के बाद से लापता है और पुलिस ने उसे मुख्य संदिग्ध मानते हुए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त कृष्णा लालचंदानी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और अन्य पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी मिलेगी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके फोन का दुरुपयोग कर वीडियो प्रसारित किया गया। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
Comments are closed.