नेपाल चुनाव में बालेन शाह आगे, मतगणना में पूर्व पीएम केपी ओली पीछे

3

नेपाल चुनाव: मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की पार्टी आगे

नेपाल में आम चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग ने कहा है कि प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली (FPTP) की 165 सीटों के नतीजे मतगणना शुरू होने के करीब 24 घंटे के भीतर जारी करने की कोशिश की जाएगी। हालांकि आयोग का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटियों को मतगणना केंद्रों तक पहुंचाने में समय लगता है, इसलिए कुछ सीटों के नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे।

5 मार्च को हुए चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। इस चुनाव में 65 राजनीतिक दलों के 3,400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की पार्टी को बढ़त

मतगणना के शुरुआती रुझानों में रैपर से नेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बढ़त बनाती दिखाई दे रही है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक आरएसपी करीब 41 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरे स्थान पर नेपाली कांग्रेस लगभग 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (CPN-UML) 2 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि श्रम शक्ति पार्टी एक सीट पर बढ़त में है।

झापा-5 सीट पर भी शाह आगे

झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-5 में शुरुआती मतगणना के रुझानों में बालेन शाह बढ़त बनाए हुए हैं। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्रों के करीब 1,400 वोटों की गिनती में शाह को 814 वोट मिले हैं। वहीं, सीपीएन-यूएमएल के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली 384 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

कुल मिलाकर शुरुआती रुझानों में Gen-Z के बीच लोकप्रिय बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी अन्य दलों से काफी आगे नजर आ रही है। हालांकि अंतिम नतीजे आने के बाद ही सरकार बनाने की तस्वीर साफ होगी।

Comments are closed.