देश के कई हिस्सों समेत दिल्ली में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। बढ़ती गर्मी के बीच बारिश ने राहत दी है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हाल ही में जहां कई राज्यों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था, वहीं अब मौसम ने करवट ले ली है।
इस हफ्ते दिल्ली में तीन दिन बारिश का अलर्ट जारी है। वहीं यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का मिजाज नरम बना हुआ है। मौसम विभाग ने वीकेंड तक कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। पहाड़ी राज्यों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
दिल्ली का मौसम अपडेट
राजधानी में अगले तीन दिन आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। 19 और 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश संभव है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम करीब 19 डिग्री रह सकता है।
19-20 मार्च को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास रहेगा।
21 से 23 मार्च के बीच मौसम साफ रहेगा, हालांकि गर्मी ज्यादा असर नहीं दिखाएगी।
पंजाब-हरियाणा पर असर
दिल्ली में बदले मौसम का असर पंजाब और हरियाणा में भी दिख रहा है। पंजाब में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 19 और 20 मार्च को फिर बदलाव होगा। इन दिनों गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। 21 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
पहाड़ों में मौसम का मिजाज
मार्च में घूमने का प्लान बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिससे मौसम बेहद खूबसूरत हो गया है। उत्तराखंड में 18 से 21 मार्च तक बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में भी 20 मार्च तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। कई जगहों पर बर्फबारी के कारण रास्ते प्रभावित हुए हैं और फिसलन बढ़ गई है।
राजस्थान-यूपी का हाल
राजस्थान में मार्च की शुरुआत में तेज गर्मी रही और कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया था। हालांकि अब मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिली है।
राजस्थान में 18 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा, जिसके लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदल रहा है। 20 और 21 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
MP-बिहार का अपडेट
मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले तीन दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर रहेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहर प्रभावित होंगे।
बिहार में फिलहाल एक-दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 20 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है। तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं।
Comments are closed.